क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर 1.90 लाख की साइबर ठगी, गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार
क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर 1.90 लाख की ठगी, चार आरोपी उत्तर प्रदेश से किए गिरफ्तार
गुरुग्राम, सच कहूँ न्यूज। Gurugram News: क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर लिंक भेजकर 1.90 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह के चार आरोपियों को साइबर क्राइम पूर्व थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। 24 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पूर्व में शिकायत दी थी कि उसे क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने के नाम पर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके बैंक खाते से 1,90,000 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस टीम ने 28 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान आलोक कुमार निवासी गांव सेसा जिला झांसी, शैलेंद्र सिंह उर्फ निट्टू निवासी गांव महाराजगंज जिला झांसी, कृष्ण कांत निवासी जिला जालौन व सौरभ अली निवासी जिला जालौन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की पूरी रकम आरोपी आलोक कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आलोक ने अपना बैंक खाता 8,000 रुपये कमीशन के बदले शैलेंद्र और कृष्ण कांत को दिया था। कोर्ट ने मुख्य आरोपी सौरभ अली को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि बाकी तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Comments