26 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी एयरपोर्ट से गिरफ्तार
लंदन से लौटते ही एलओसी के आधार पर पुलिस ने दबोचा
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: यूके भेजने के नाम पर 26.19 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में सरसा पुलिस ने मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी था। वह लंदन से भारत लौटते ही इमीग्रेशन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के अनुसार ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव मौजू की ढाणी निवासी विनोद कुमार से वर्क परमिट वीजा पर पूरे परिवार को यूके भेजने का झांसा देकर 26 लाख 19 हजार 200 रुपये ठगे गए थे। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जल्द वीजा लगवाने का भरोसा दिया और अलग-अलग किश्तों में रकम ऐंठ ली।
बाद में नौ लाख रुपये और मांगने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर 3 सितंबर 2025 को थाना ऐलनाबाद में केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अमनदीप को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से केवल अधिकृत इमीग्रेशन एजेंटों से ही संपर्क करने की अपील की।
