Haryana Roadways: रोडवेज कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल बेअसर, चक्का जाम की कोशिश नाकाम

Published On

रोडवेज सेवाएं रहीं सामान्य, बस स्टैंड पर पुतला फूंककर जताया रोष

Haryana Roadways Strike: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान के बीच वीरवार को सरसा में प्रशासन की मुस्तैदी के चलते रोडवेज सेवाएं लगभग सामान्य रहीं। कर्मचारियों ने दो बार बस स्टैंड गेट पर चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को हटा दिया। दिनभर बसों का संचालन जारी रहा और यात्रियों को कोई खास दिक्कत नहीं हुई। सुबह करीब 2:30 बजे रोडवेज कर्मचारियों ने गेट पर खड़े होकर चक्का जाम का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। इसके बाद बसों की आवाजाही नियमित रूप से चलती रही। सुबह 10 बजे रोडवेज कर्मियों के साथ अन्य विभागों के कर्मचारी बस स्टैंड और त्रिकोणा पार्क में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। Haryana Roadways

दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रदर्शनकारी फिर बस स्टैंड गेट पर पहुंचे और गेट बंद करने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें हटाया। इस दौरान डीएसपी आदर्शदीप सिंह की मौजूदगी में हल्की गहमागहमी भी हुई, लेकिन करीब 10 मिनट बाद स्थिति सामान्य हो गई। बसों का संचालन दूसरे गेट से जारी रहा। बाद में कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंककर प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वहीं नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मुख्य बाजारों में सफाई कार्य प्रभावित रहा, हालांकि अन्य क्षेत्रों में व्यवस्था सामान्य रही। बिजली निगम, जन स्वास्थ्य विभाग सहित अधिकांश कार्यालयों में कामकाज नियमित रूप से चलता रहा।

इन मांगों को लेकर हड़ताल | Haryana Roadways

सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने रोडवेज निजीकरण का विरोध, चार लेबर कोड रद्द करने, आठवां वेतन आयोग गठित करने, समान काम-समान वेतन लागू करने, पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और विभिन्न लंबित मांगों को लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रधान मदनलाल खोथ ने किया। इस दौरान राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद, महासचिव सुमेर सिवाच, प्रदेश प्रवक्ता पृथ्वी सिंह चाहर और सचिव सतपाल सिंह रानियां सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की निजीकरण नीतियों से हरियाणा रोडवेज पर संकट मंडरा रहा है।

कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ बिजली कर्मचारियों की हड़ताल | Haryana Roadways

हरियाणा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने भी हड़ताल में भाग लिया। हड़ताली कर्मचारियों ने सरसा सर्कल के अधीन सभी कार्यालयों के बाहर विरोध सभाएं कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपना रोष दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार लगातार कर्मचारी, छात्र, मजदूर और किसान सहित हर वर्ग के हितों पर कुठाराघात कर रही है। इसी के विरोध में हड़ताल का सहारा लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रोडवेज महाप्रबंधक अनीत कुमार यादव ने कहा कि हड़ताल को देखते हुए पहले से तैयारी कर ली गई थी। कुछ कर्मचारी ही हड़ताल में शामिल हुए। सभी बसों का समय पर संचालन किया गया और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी गई। Haryana Roadways

About The Author

Related Posts