वरूवाली नहर में डूबते बच्चे को पॉलिटेक्निक कॉलेज के कर्मचारियों ने दी नई जिंदगी

Published On

नाथूसरी चौपटा, सरसा (सच कहूँ/भगत सिंह)। क्षेत्र से गुजरने वाली वरूवाली नहर में सोमवार शाम एक 10 वर्षीय बच्चा डूबने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद दो कर्मचारियों की सतर्कता और साहस से उसकी जान बच गई। दोनों कर्मचारियों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगाकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार नाथ समुदाय के मनोहरलाल का बेटा हनी सोमवार शाम को अन्य बच्चों के साथ नहर के पास खेल रहा था। Sirsa News

इसी दौरान वह अचानक फिसलकर वरूवाली नहर में गिर गया और गहरे पानी में जाने लगा। साथ मौजूद दूसरे बच्चे ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों का ध्यान इस ओर गया। उसी समय चौपटा के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के लाइब्रेरियन संदीप सहारन और ड्राइवर सुशील कुमार की नजर डूबते बच्चे पर पड़ी। स्थिति को गंभीर देखते हुए दोनों ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बच्चे के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए और बालक को सकुशल देखकर राहत की सांस ली। परिजनों ने बच्चे की जान बचाने वाले दोनों कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। Sirsa News

About The Author

Related Posts