नए शैक्षणिक सत्र से पहले अकादमियों के खिलाफ खड़े हुए प्राइवेट स्कूल

Published On

पूरे हरियाणा में बिना मान्यता के चल रही अनेकों अकादमियां: शर्मा

  • बोले, नए डीसी को देंगे शिकायत, कार्रवाई नहीं हुई तो खटखटाएंगे हाई कोर्ट का दरवाजा

भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। इसे प्राइवेट स्कूलों की कम होती शाख कहें या प्रतिद्वंद्वी के प्रति प्रतिशोध कि प्राइवेट स्कूल दाखिलों से पहले एक बार फिर अकादमियों के खिलाफ खड़े हो गए हैं। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का आरोप है कि पूरे हरियाणा में अनेकों अकादमियां गैर कानूनी तरीके से चल रही हैं। इन पर कार्यवाही नहीं हुई तो वो हाई कोर्ट जाएंगे। बता दें कि हरियाणा में एक अप्रैल से सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के दाखिलें शुरू होंगे, पर जिस प्रकार से पहले सरकारी से प्राइवेट स्कूलों व अब प्राइवेट स्कूलों से अकादमी की तरफ बच्चों का रुझान बढ़ा है तो प्राइवेट स्कूल संचालक बौखला गए हैं। प्राइवेट स्कूल इसके पीछे सरकार के नियमों की दुहाई दे रहे हैं। भिवानी में हरियाणा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने पत्रकार वार्ता कर इन अकादमियों के खिलाफ मोर्चा खोला।

यह भी पढ़ें:– सड़क किनारे खड़े युवक को बाइक चालक ने मारी टक्कर

…ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए उचित वातावरण मिले: शर्मा

रामअवतार शर्मा ने बताया कि सरकार प्राइवेट स्कूल खोलने व चलाने के लिए तरह तरह नियम लागू करती है, कई विभागों से एनओसी लेनी पड़ती है, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए उचित वातावरण मिले। वहीं दूसरी तरफ पूरे हरियाणा में अनेकों अकादमियां ऐसी हैं, जो गैरकानूनी तरीके से चल रही हैं। इन अकादमियों में छोटे-छोटे कमरों में कई कई बच्चों को ठूंस-ठूंस कर पढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि ये अकादमियां बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करती है तथा शिक्षा का व्यापारीकरण व निजीकरण करती हैं।

झोले में स्कूल लेकर चलने वालों पर हो सख्त कार्रवाई

रामअवतार शर्मा ने बताया कि एकेडमी संचालक अभिभावकों को बरगला कर उनके बच्चों को सालाना पैकेज लेकर भर्ती कर लेते है। उन्होंने कहा कि पिछले साल डीसी को शिकायत दी थी, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने ऐसी फर्जी एकेडमी की लिस्ट तैयार की थी, पर डीसी के तबादले के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सोमवार को नए डीसी को शिकायत दी जाएगी। इसके बाद कार्यवाही नहीं हुई तो हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा और डीसी व शिक्षा अधिकारियों को पार्टी बनाया जाएगा। शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि एकेडमी के बच्चों की परीक्षा हमारे ही कुछ स्कूल करवाते हैं। ऐसे स्कूलों को खिलाफ एसोसिएशन की तरफ से कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि झोले में स्कूल लेकर चलने वालों पर हर तरह से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts