हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बारिश, मौसम सुहावना

Published On

नई दिल्ली। हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वीरवार रात और शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ ही आसमान में अंधेरा छा गया। हरियाणा के सरसा, फतेहाबाद, हिसार सहित कुछ जिलों में बिजली गर्जने के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि इस वक्त की बारिश को फसलों के लिए नुकसानदायक बताया जा रहा है, क्योंकि गेहूं की फसल पकाव पर है, ऐसे में बारिश किसानों के अरमानों पर पानी फेर सकती है। तेज हवाओं के चलते गेहूं सहित फसलों के जमीन पर बिछने का खतरा है।

शुक्रवार सुबह नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। आज पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आंधी, बिजली या तेज हवाओं या ओलावृष्टि, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 12 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की या तेज हवाएं और ओलों की भी चेतावानी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश के खतौली, बड़ौत, बागपत, शिकारपुर, गुरुमुखेश्वर, सियाना, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, खुर्जा, लोनी-देहात, शामली, खेकरा, अलीगढ़, अमरोहा, दादरी, इंदिरापुरम, गलौठी, जट्टारी, खैरी में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts