रानी बनी देश की पहली ट्रक यूनियन प्रधान

Published On

सफीदों (सच कहूँ न्यूज)। देश में पहली बार जीन्द जिले के सफीदों कस्बे में एक महिला ट्रक यूनियन की प्रधान बनी। सफीदों ट्रक यूनियन की बैठक नगर के जींद रोड पर हुई। बैठक की अध्यक्षता कच्चा आढ़ती संघ के प्रधान पालेराम राठी ने की। इस मौके पर काफी तादाद में ट्रक आॅपरेटर मौजूद थे। बैठक में प्रधान पद के लिए किसी एक नाम पर सहमति बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। काफी विचार-विमर्श करने के उपरांत गांव सिंघपुरा निवासी रानी को सर्वसम्मति से यूनियन का प्रधान चुन लिया गया। उपस्थित ट्रक आपरेटरों ने तालियां बजाकर व फूलों की मालाएं पहनाकर नवनियुक्त प्रधान का अभिनंदन किया। गौरतलब है कि देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई महिला ट्रक यूनियन के प्रधान बनी हो। कच्चा आढ़ती संघ के प्रधान पालेराम राठी ने कहा कि किसी महिला को प्रधान बनाकर यूनियन ने बहुत अच्छा फैसला लिया है। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है तथा हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। वहीं नवनियुक्त प्रधान रानी ने कहा कि ट्रक आॅप्रेटरों ने उनकी ऊपर जो विश्वास व्यक्त किया वे सदैव उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी तथा यूनियन की भलाई के कार्य करेंगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts