डबवाली के रविदास नगर में फैली सनसनी, पंखे से लटका मिला युवक का शव
घटना के समय घर पर कोई अन्य सदस्य नहीं था मौजूद
डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। डबवाली के वार्ड नंबर-18 स्थित रविदास नगर में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। Dabwali News
जानकारी के अनुसार रविदास नगर गली नंबर-3 निवासी 30 वर्षीय आकाश ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में लगे पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। परिजनों के अनुसार जब मृतक की मां और मामा घर लौटे तो उन्होंने मुख्य गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन गेट अंदर से बंद मिला। काफी प्रयासों के बाद जब गेट खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
आकाश कमरे में पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को फंदे से नीचे उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतक जूती बनाने का कार्य करता था। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि मामले की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। Dabwali News
About The Author