Tiranga Yatra: पिहोवा में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, शहीदों को नमन, सेना को सलाम और देशभक्ति का अद्भुत उत्सव
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: आज़ादी के अमृत महोत्सव और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पिहोवा में सोमवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखा, जब शहर की गलियों में लहराते तिरंगों और गूंजते देशभक्ति नारों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित जय भगवान शर्मा (डीडी) के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य शहीदों को नमन करना, देश की सेना के पराक्रम को सलाम करना और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल बनाना था। Pehowa News
भव्य शुरुआत और उत्साहपूर्ण माहौल
कुरूक्षेत्र रोड पर भाजपा कार्यालय से यात्रा का शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, देशभक्ति गीतों की धुन और हाथों में तिरंगे लहराते हजारों लोगों ने पूरा माहौल देशभक्ति मय कर दिया । यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक तक पहुँची। रास्तेभर घरों, दुकानों और चौराहों से नागरिकों ने फूल बरसाकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
शहीद स्मारक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि | Pehowa News
शहीद स्मारक पर पहुँचते ही भाजपा नेता पंडित जय भगवान शर्मा व सभी उपस्थित जनों ने उन वीर सपूतों को नमन किया जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता की रक्षा की और तिरंगे की आन, बान, शान को सदैव ऊँचा रखा। शहीदों के नाम पर दो मिनट का मौन रखा गया और पुष्पांजलि अर्पित की गई।
पंडित जय भगवान शर्मा डीडी ने यात्रा के समापन पर कहा की “देशभक्ति की भावना, वीर जवानों का सम्मान और राष्ट्र की एकता ही हमारी असली ताकत है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हमारे वीर सैनिकों की अदम्य साहस और त्याग का प्रतीक है, और हम सबको इस पर गर्व होना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा की “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम, बलिदान और गौरव की पहचान है। मैं तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी पिहोवा वासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आपका यह उत्साह और प्रेम ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।”
देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर तिरंगे की रोशनी और गगनभेदी नारों से गूंज उठा। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। कहीं ‘भारत माता की जय’ के नारे, तो कहीं ‘वंदे मातरम’ की गूंज सुनाई दी। तिरंगा यात्रा ने पिहोवा की सड़कों को देशभक्ति के महासागर में बदल दिया। Pehowa News
गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, डीएसपी निर्मल कुमार, व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री विकास गर्ग, हन्नु चक्रपाणि जिला प्रमुख मन की बात, मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, डॉक्टर सतीश सैनी जिला कष्ट निवारण सदस्य, लाड़ी पाल पूर्व जिला सचिव, हरिओम अग्रवाल पूर्व जिला कष्ट निवारण सदस्य, अनाज मंडी उप प्रधान चंद्रगुप्त मंगला, भाजपा मंडल सचिव लव तलवार, बाबूराम रुआ मंडल अध्यक्ष सारसा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश पुरोहित, भाजपा नेता बंटी सिंगला, सहित अनेक वरिष्ठ नेता, सामाजिक संगठन, महिला मंडल, युवा मोर्चा और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:– साईं इंस्टिट्यूट में छात्र चरित्र निर्माण कार्यक्रम का आयोजन