जगराओं में फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 2 किमी दूर से दिखाई दिए धुएं के गुब्बार 

घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 50 कर्मचारी कर रहे थे काम, सभी सुरक्षित 

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: लुधियाना के जगराओं इलाके में कोठे खजूर रोड पर स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भयानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी ऊँची लपटें और काले धुएँ के गुब्बार लगभग 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे फैक्ट्री के अंदर से धुआँ उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही मिनटों में भयानक आग में बदल गया।

देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय फैक्ट्री में लगभग 50 कर्मचारी काम कर रहे थे। फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने समय पर बाहर भागकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि आस-पास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई। फिलहाल दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाई और फर्नीचर का तैयार और कच्चा सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती रही। आस-पास के गांवों और कस्बों से भी लोगों ने आसमान में उठते काले धुएँ के गुब्बार देखे। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरूआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग के कारण फैक्ट्री को लाखों रुपए का नुकसान होने की संभावना है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

Ludhiana News
Ludhiana News: दो किलोमीटर दूर से दिखाई देती आग के धुएँ की लपटें।

 

About The Author

Related Posts