फीस वृद्धि से आक्रोशित परिजनों ने रोड किया जाम, फीस वृद्धि वापिस लेने की मांग
Protests against Fee Hike: रामां मंडी (सच कहूँ/सतीश जैन)। शहर के हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर आज बड़ी संख्या में अभिभावकों ने बढ़ी हुई फीस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर ह्यजनता को लूटनेह्ण का आरोप लगाते हुए फीस वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि लगातार फीस में हो रही बढ़ोतरी से मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से अपील की कि फीस में राहत दी जाए और पिछले सत्र की फीस को ही बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में बढ़ी हुई फीस का भुगतान करना उनके लिए कठिन हो रहा है। Rama Mandi News
इस मामले में स्कूल प्रधान अशोक गोयल ने स्पष्ट किया कि स्कूल को सरकार की ओर से कोई वित्तीय सहायता प्राप्त नहीं होती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के स्तर को बनाए रखने और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच शिक्षकों के वेतन का भुगतान करना भी चुनौती बन गया है। गोयल ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में किसी भी छात्र की फीस माफ करना संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्कूल का संचालन और विकास पूरी तरह फीस पर ही निर्भर है।
कोई समझौता नहीं हो सका: समाचार लिखे जाने तक अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच इस मुद्दे पर कोई सहमति नहीं बन पाई थी। उल्लेखनीय है कि हिंदू स्कूल शहर का एक पुराना और प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जिसे पहले सरकार से सहायता मिलती थी, लेकिन वर्तमान में सहायता बंद होने के कारण स्कूल आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा है। Rama Mandi News