प्रधानमंत्री मोदी बातों को घुमाने में माहिर हैं, उन्हें देश की हालत के बारे में लोगों को सच बताना चाहिए: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
प्रधानमंत्री मोदी बातों को घुमाने में माहिर हैं, उन्हें देश की हालत के बारे में लोगों को सच बताना चाहिए: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
संगरूर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि देशवासी सब देख रहे हैं कि कैसे भारत के फैसले व्हाइट हाउस से लिए जा रहे हैं और कैसे केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए किया जा रहा है। यह कहते हुए कि पंजाबी कभी भी दबाव की चालों के आगे नहीं झुके हैं और न ही कभी झुकेंगे, उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब के लोग लोकतंत्र की आवाज को दबाने की हर कोशिश का उचित जवाब देंगे। अपने एक्स हैंडल पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि "मुझे आज ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री जोतीसर साहिब (छठवीं पातशाही) में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के अवसर पर शामिल होकर माथा टेकने का सौभाग्य मिला।
प्रधानमंत्री द्वारा लोगों से की गई हालिया अपीलों के संबंध में एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि "जुमलों के बादशाह" को देश के सामने सच बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि "यह स्पष्ट हो गया है कि देश की लगाम आज व्हाइट हाउस के हाथ में है, जिसके कारण सभी बड़े फैसले उनकी सहमति के बाद ही लिए जा रहे हैं।"
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव जैसे मुद्दों के दौरान भी अमेरिकी अधिकारियों द्वारा फरमान सुनाए गए थे, जो देश की संप्रभुता के प्रति गंभीर चिंताएं पैदा करता है। उन्होंने कहा, "भारत को विश्व गुरु बनाने का दावा करने वाले वास्तव में विश्व चेला बनने की ओर बढ़ रहे हैं क्योंकि आज अंख मूंदकर व्हाइट हाउस के निर्देशों की अंधाधुंध पालना की जा रही है।"
केंद्र की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मेक इन इंडिया के संबंध में लंबे-चौड़े दावों के बावजूद रक्षा क्षेत्र में भी एफडीआई की अनुमति देने जैसी नीतियों ने देश के हितों को कमजोर कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भारतीय कृषि को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है, जिसका किसानों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।
पंजाब में ईडी के छापों के बारे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपने राजनीतिक विरोधियों की बांह मरोड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसी का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईडी, विपक्षी दलों के नेताओं को धमकाने और लोकतंत्र की आवाज को दबाने का एक साधन बनकर रह गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा "पंजाबी कभी भी ऐसे दबाव डालने वाली चालों के आगे नहीं झुके थे और नहीं झुकेंगे। पंजाब के बहादुर और समझदार लोग इन कोशिशों का उचित जवाब देंगे।"