Punjab
Punjab summer vacation News: पंजाब में गर्मी छुट्टी को लेकर आया बड़ा अपडेट
Punjab summer vacation News: पंजाब में गर्मी छुट्टी को लेकर आया बड़ा अपडेट
Punjab summer vacation News:चंडीगढ़। पंजाब में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार खतरनाक होता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बठिंडा में पारा 46 डिग्री से भी ऊपर दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और तेज लू का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते अब अभिभावकों ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां जल्द घोषित करने की मांग तेज कर दी है।
माता-पिता का कहना है कि पिछले 3-4 दिनों में तापमान में अचानक 4 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने पर तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच बच्चों को घर लौटने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बच्चों के पानी की बोतलों का पानी तक गर्म हो जा रहा है और कई विद्यार्थियों को चक्कर, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो रही हैं।
अभिभावकों का कहना है कि दोपहर के समय सड़कें सुनसान हो जाती हैं, लेकिन बच्चे मजबूरी में इस भीषण गर्मी में सफर कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मियों की छुट्टियां जल्द शुरू की जाएं। लगातार बढ़ती गर्मी और अभिभावकों के दबाव को देखते हुए ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार इसी हफ्ते स्कूलों में छुट्टियों को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है।
पंजाब में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि तेज गर्म हवाएं हीट स्ट्रोक और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां
- बच्चों को भरपूर पानी और तरल पदार्थ दें
- धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें
- हल्के और सूती कपड़े पहनाएं
- खाली पेट बाहर न भेजें
- ज्यादा देर धूप में खेलने से बचाएं
- चक्कर, उल्टी या तेज बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें