श्रीगंगानगर जिला कारागृह में 22 महिला बंदी कोरोना पॉजिटिव

Published On

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान में श्रीगंगानगर के जिला कारागृह की 22 महिला कैदियों की रिपोर्ट आज कोरोना पॉजिटिव आने से अन्य बंदियों तथा स्टाफ कर्मियों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज सुबह जारी की गई कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की रिपोर्ट में जिला कारागृह में 22 महिला बंदी पॉजिटिव बताई गई हैं। दोपहर में इस रिपोर्ट का पता चलने पर कारागृह की महिला बैरक से इन 22 महिला बंदियों को अलग कर दिया गया। जेल सूत्रों के अनुसार महिला बैरक में 37 महिला बंदी हैं। बाकी 15 महिलाओं के साथ साथ इनके संपर्क में आने वाली महिला स्टाफ कर्मियों के कोरोना टेस्ट सैंपल अब पहले करवाए जा रहे हैं।

बाद में दूसरे स्टाफ कर्मियों के भी सैंपल करवाए जाएंगे। जेल सूत्रों ने बताया कि बुखार, खांसी और सांस लेने की तकलीफ होने पर एक महिला बंदी का मंगलवार को कोरोना टेस्ट सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट कल बुधवार को पॉजिटिव आई थी। इस महिला बंदी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। तत्पश्चात महिला बैरक की सभी बंदियों के कल सैंपल करवाए गए, जिनमें से 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कल कुछ महिला बंदियों के सैंपल लेने रह गए थे। आज उनके सैंपल करवाए जा रहे हैं। इससे पहले जिला कारागृह का कोई बंदी संक्रमित नहीं हुआ था। अलबत्ता स्टाफ के दो-तीन लोग अवश्य संक्रमित हुए थे, जो अब ठीक हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts