नोहर के गांव चारणवासी में खेत में काम कर रहे परिवार पर हमला, एक गंभीर
मारपीट, नकदी व जेवर छीनने का आरोप, फेफाना थाने में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जिले के नोहर क्षेत्र के गांव चारणवासी में खेत में काम कर रहे परिवार पर हमला करने, मारपीट करने, नकदी और जेवर छीनने का मामला सामने आया है। फेफाना पुलिस थाना में पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार अनिल कुमार (30) पुत्र गोविन्दराम भाम्भू निवासी वार्ड नम्बर 8, गांव चारणवासी तहसील नोहर ने रिपोर्ट दी कि वह खेती का कार्य करता है। 11 मई को सुबह करीब 10 बजे उसके माता-पिता खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उसके चाचा सोनालाल, सुंदर पुत्र हेतराम तथा अजय पुत्र मोजीराम लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने उसके पिता गोविन्दराम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब अनिल कुमार और उसकी माता सायर देवी बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
आरोप है कि अनिल कुमार के सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। साथ ही जेब में रखे 18 हजार 500 रुपए निकाल लिए तथा उसकी माता के कानों में पहने सोने के बाले भी छीन लिए।
घटना के बाद घायल अनिल कुमार को फेफाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे नोहर के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कालूराम को सौंपी है। Hanumangarh News