खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद, परिवार पर लाठी-डंडों से हमला
ट्यूबवेल की मोटर तोड़ने और मारपीट का आरोप, घायल को हनुमानगढ़ रेफर किया
हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने पांच नामजद एवं एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार चक प्रतापनगर निवासी बसंत सिंह पुत्र जीतसिंह जटसिख ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे परिवाद में बताया कि उसकी खातेदारी कृषि भूमि चक 7 एमजेडी में स्थित है। 11 मई को वह अपने हिस्से की भूमि में ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे गगनदीप सिंह पुत्र गुरदास सिंह, अमरदीप सिंह पुत्र गुरचरण सिंह, काकू सिंह पुत्र बली सिंह, सगनदीप कौर पत्नी गगनदीप सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आते ही गगनदीप सिंह ने ट्यूबवेल की मोटर के प्लग निकालकर मोटर बंद कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मोटर की तारें तोड़ दीं तथा खेत में बने कमरे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर बसंत सिंह के पिता और माता मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि गगनदीप सिंह ने उसके पिता के दाहिने हाथ पर लाठी से वार कर दिया, जिससे सूजन आ गई। वहीं सगनदीप कौर ने उसकी माता हरविंद्र कौर के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। Hanumangarh News
परिवादी के अनुसार जब वह अपने माता-पिता का बचाव करने लगा तो आरोपियों ने उसे खेत से जिंदा नहीं जाने देने की धमकी दी। इसके बाद अमरदीप सिंह, काकूसिंह और अन्य व्यक्ति ने लाठियों व थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर उसे तथा उसके माता-पिता को चोटें पहुंचाई। आरोपियों पर ट्यूबवेल, मोटर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
घायल बसंत सिंह को उसका पुत्र राजपाल सिंह उपचार के लिए सिविल अस्पताल संगरिया लेकर गया, जहां हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार चल रहा है। संगरिया थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई नौरंगलाल को सौंपी है। Hanumangarh News