शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल में हुआ फेयरवेल समारोह

संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया भावविभोर

Manmohan Picture
Published On

गोलूवाला (सच कहूँ/सुरेन्द्र गुम्बर)। शाह सतनाम जी गर्ल्स महाविद्यालय, श्रीगुरुसर मोड़िया में आईक्यूएसी एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में गरिमामय फेयरवेल समारोह 2025-26 का आयोजन बीए एवं बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्राओं के सम्मान में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जूनियर छात्राओं द्वारा सीनियर छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर अभिनंदन करने से हुआ।

तत्पश्चात स्वागत भाषण के माध्यम से उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं का हार्दिक स्वागत किया गया। इस समारोह के दौरान छात्राओं ने पंजाबी, हरियाणवी एवं राजस्थानी लोक-संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को रंगारंग एवं स्मरणीय बना दिया। संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस फेयरवेल समारोह में जूनियर छात्राओं द्वारा सीनियर छात्राओं के सम्मान में विभिन्न मनोरंजक एवं व्यक्तित्व विकास आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें मॉडलिंग राउंड, टैलेंट राउंड एवं प्रश्नोत्तरी राउंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बीकॉम 6वें सेमेस्टर की छात्रा प्रभलीन कौर को फेयरवेल क्वीन के सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं बीए 6वें सेमेस्टर की छात्रा कुमारी अनमीत कौर को मिस ब्यूटीफुल तथा कुमारी वंशिका को मिस एनर्जेटिक के खिताब से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नवजोत कौर गिल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि छात्राएँ किसी भी शिक्षण संस्थान की गौरवपूर्ण पहचान होती हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं आत्मविश्वास जीवन में सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने महाविद्यालय जीवन से जुड़ी स्मृतियों एवं अनुभवों को साझा किया, जिससे वातावरण भावुक एवं आत्मीय बन गया। हर्ष, उत्साह एवं भावनात्मक अभिव्यक्तियों से परिपूर्ण इस समारोह का समापन मधुर स्मृतियों के साथ हुआ।

About The Author

Related Posts