शिक्षा और रोजगार
Gandhi Jayanti 2026: गांधी के सिद्धांतों को जीवन में उतारने का संकल्प
महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम
Gandhi Jayanti 2026: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन स्थित नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम एवं स्टाफ की ओर से महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद 'वैष्णव जन तो तेने कहिये, 'दे दी हमें आजादी एवं 'धर्म वो ही एक सच्चा' जैसे गीतों के साथ प्रार्थना सभा आयोजित की गई।
प्राचार्य डॉ. सीताराम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलकर ही समाज में सहिष्णुता स्थापित की जा सकती है। गांधी जी ने अहिंसा, छुआछूत एवं भेदभाव के उन्मूलन तथा नशामुक्ति सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शांे को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
विधिक सेवा क्लिनिक के प्रभारी एवं सहायक आचार्य डॉ. बृजेश अग्रवाल ने महात्मा गांधी के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी शिक्षा को केवल सरकार का विषय नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी मानते थे और प्रत्येक नागरिक को शिक्षित देखना चाहते थे। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए उनके प्रसिद्ध नारे 'जय जवान, जय किसान' को स्मरण किया। इस मौके पर सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा, डॉ. मोहम्मद इमरान, डॉ. हरीश यादव, डॉ. दिनेश खोथ, विकास चौधरी, निखिल सिग्ची, अशोक कुमार, क्रांति गिला, नीरज, दिनेश शर्मा, करण बंसल, नरेश कुमार सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।