जयपुर के गोधा परिवार ने प्रस्तुत की मानवता सेवा की प्रेरणादायी मिसाल
श्रीमती सूरज देवी जैन के निधन उपरांत त्वचादान व देहदान का महत्वपूर्ण निर्णय लेकर स्थापित किया एक अनुकरणीय उदाहरण
जयपुर। मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत करते हुए जयपुर के गोधा परिवार ने स्वर्गीय श्रीमती सूरज देवी जैन के निधन के पश्चात त्वचादान एवं देहदान का महत्वपूर्ण निर्णय लेकर समाज के समक्ष एक अनुकरणीय उदाहरण स्थापित किया है। 82 वर्षीय श्रीमती सूरज देवी जैन का रविवार को निधन हो गया था। Jaipur News
उनके परिजनों ने चिकित्सा शिक्षा और मानव कल्याण के उद्देश्य से उनका त्वचादान एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर के स्किन बैंक में तथा देहदान जेएनयू मेडिकल यूनिवर्सिटी के एनाटॉमी विभाग में संपन्न कराया। यह पुण्य कार्य जैन सोशल ग्रुप सेंट्रल के सहयोग से संपन्न हुआ। संस्था की ओर से इसे 67वां त्वचादान और 340वां देहदान बताया गया।
इस अवसर पर दिवंगत आत्मा की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मानवीय मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने गोधा परिवार के इस संवेदनशील और प्रेरक निर्णय की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि अंगदान और देहदान जैसे कार्य समाज में सेवा भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों और जरूरतमंदों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। Jaipur News
परिवार की ओर से पुत्र संजय जैन गोधा, पुत्रवधु श्रीमती निशा जैन गोधा, पुत्री अर्चना जैन, दामाद महेश जैन तथा पौत्र विशाल और सागर सहित समस्त परिवारजन इस अवसर पर उपस्थित रहे। परिवार ने शोक की घड़ी में भी सामाजिक कर्तव्य और मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता का परिचय दिया।
समधी आनंद जैन ने कहा कि यह निर्णय सेवा, संस्कार और मानवता के प्रति परिवार की गहरी निष्ठा को दर्शाता है। कार्यक्रम में जेएनयू मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर संदीप बक्शी, एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजली तथा समस्त चिकित्सकीय दल का सहयोग उल्लेखनीय रहा। उपस्थित समाजजनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस पहल को मानव कल्याण की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी कदम बताया। Jaipur News
About The Author