सड़क हादसे के बाद घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। बीस मार्च को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भादरा पुलिस थाना में वार्ड 25, अजय होटल के पीछे, कस्बा भादरा निवासी 25 वर्षीय हिम्मत पुत्र बीरबल जाट ने रिपोर्ट पेश की। प्रार्थी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता बीरबल पुत्र सुरजाराम 20 मार्च को अपराह्न करीब 3 बजे अपने घर से मोटर साइकिल नम्बर एचआर 80 ए 4820 पर सवार होकर भादरा बाजार की ओर जा रहे थे। जब वे विवेकानंद कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी एक सफेद रंग की कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। Hanumangarh News

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बीरबल गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए पास के विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया। विवेकानंद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हिसार रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें हिसार स्थित जिंदल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ और अंतत: 23 मार्च को उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हिम्मत की रिपोर्ट के आधार पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच एएसआई राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts