रोडवेज बस में घुसकर चालक-परिचालक से मारपीट

Published On

तोड़फोड़ कर टिकट राशि लूटी, नोहर पुलिस थाना में मामला दर्ज

Rajasthan Roadways News: हनुमानगढ़। करीब आधा दर्जन बाइकों पर सवार होकर आए एक दर्जन के करीब व्यक्तियों ने रोडवेज बस में घुसकर परिचालक व चालक के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने बस के केबिन में तोड़फोड़ की तथा परिचालक के बैग से टिकट राशि के रुपए छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में रोडवेज बस परिचालक की रिपोर्ट पर नोहर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार राजस्थान रोडवेज डिपो हनुमानगढ़ में तैनात परिचालक सुखविन्द्र चौधरी (43) पुत्र अतरसिंह जाट निवासी असरवास मरेहटा, थाना जुही जिला भिवानी ने रिपोर्ट दी कि 8 फरवरी, रविवार को वह बस नम्बर आरजे 31 पीए 3002 लेकर हनुमानगढ़ से भादरा के लिए रवाना हुआ था। Hanumangarh News

फ्लाइंग चैकिंग के दौरान दो महिला सवारियां बिना टिकट मिलीं

बस का चालक प्रतापसिंह पुत्र घासीराम था। रिपोर्ट में बताया गया कि बुधवालिया बस अड्डा पर फ्लाइंग चैकिंग के दौरान दो महिला सवारियां बिना टिकट मिलीं, जिन पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। दोनों महिलाओं ने फोनपे के माध्यम से अपने परिचित से रुपए डलवाकर जुर्माना अदा किया। इसके बाद बस आगे के लिए रवाना हो गई। शाम करीब 4.35 बजे जब बस भूकरका बस अड्डा पहुंची, तब 5-6 बाइकों पर सवार 10-12 व्यक्ति वहां पहुंचे और बस के आगे बाइक खड़ी कर दी। इसके बाद आरोपी बस में घुस गए और केबिन में तोड़फोड़ करते हुए परिचालक सुखविन्द्र चौधरी के दाहिने पैर पर लाठी से वार कर चोट पहुंचाई। चालक प्रतापसिंह बीच-बचाव करने आया तो उसकी कोहनी में खरोंच आई तथा पैर के पंजे व उंगलियों में चोट लगी।

आरोप है कि जाते समय हमलावर परिचालक के पास मौजूद बैग से 550 रुपए की टिकट राशि जबरदस्ती निकालकर ले गए। बस में सवार यात्रियों व बस अड्डा पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के कारण यात्रियों को असुविधा हुई तथा रोडवेज निगम को राजस्व का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों में एक युवक का नाम महफूज है, जबकि अन्य अलीशेर पुत्र जमालदीन तेली निवासी भूकरका के परिजन बताए जा रहे हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने परिचालक की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल विजय कुमार को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts