शादी समारोह में घुसकर हमला, दूल्हन के पिता सहित दो घायल

दुल्हन के पूर्व पति सहित कइयों के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन धान मंडी स्थित श्री नव दुर्गा मंदिर में आयोजित एक विवाह समारोह में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी अमनदीप सिंह (38) पुत्र रामसिंह सोनी निवासी वार्ड नम्बर 10, सेक्टर नंबर 12, जंक्शन ने रिपोर्ट दी कि उसकी पुत्री आरती का विवाह 25 अप्रैल को श्री नव दुर्गा मंदिर, धान मंडी में आयोजित था।

रिपोर्ट के अनुसार, आरती का पूर्व में विवाह गौरव पुत्र सुनील घारू निवासी अनूपगढ़ के साथ 16 जुलाई 2023 को हुआ था, जिसे 28 फरवरी 2025 को समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद आरती का अन्यत्र विवाह तय किया गया। परिवादी के अनुसार, 25 अप्रैल को दोपहर करीब 1.30 बजे गौरव घारू पुत्र सुनील घारू, सुनील घारू, सुरेन्द्र घारू, शिवा, भरत, दीपक दुलकच, सुमन दुलकच, रेशमा, संतोष चांगरा, साहिल घारू, मामराज, अंकुश घारू, शनि कुमार निवासी अबोहर, शनि चांगरा, आशा, राजेश चांगरा, शायबा, अजय चांगरा, अमिषा तथा 4-5 अन्य व्यक्ति लोहे की रॉड, कापे व कीलों लगी डंडियां लेकर एक राय होकर मंदिर में घुस आए।

आरोप है कि आरोपियों ने विवाह की तैयारियों को तहस-नहस कर दिया और खाने-पीने की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान अंकुश घारू व भरत ने लोहे की रॉड से अमनदीप सिंह के सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आए परिवादी के साढ़ू सुनील शर्मा पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायलों को कैनाल कॉलोनी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां अमनदीप सिंह के सिर पर 13 टांके लगाए गए, जबकि सुनील शर्मा के हाथ में भी 13-14 टांके आए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई कृष्ण कुमार शर्मा को सौंपी गई है।

Jection-Police

About The Author

Related Posts