40 किलो 300 ग्राम अफीम सहित दो व्यक्ति गिरफ्त में, कैंटर जब्त
तकरीबन 2 करोड़ 35 लाख रुपए कीमत की है अफीम
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। संगरिया थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंटर से 40 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बरामद अफीम की कीमत तकरीबन 2 करोड़ 35 लाख रुपए है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि अफीम की सप्लाई संगरिया तहसील के गांव मालारामपुरा के पूर्व सरपंच के पुत्र सहदेव बिश्नोई पुत्र अमीलाल बिश्नोई ने मंगवाई थी। पुलिस अब दोनों तस्करों से कड़ी पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अफीम तस्कर पंजाब के फाजिल्का जिला निवासी हैं। मुकदमे में आगामी जांच हनुमानगढ़ टाउन पुलिस कर रही है। Hanumangarh News
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में एसपी विकास सांगवान ने कार्रवाई संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर मादक पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी एवं उपयोग का प्रचलन रोकने एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विशेष अभियान की निरन्तरता में संगरिया पुलिस थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह की ओर से सोमवार को चौटाला से हनुमानगढ़ रोड पर टीम के साथ गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रोही रतनपुरा में नाकाबंदी शुरू की। Hanumangarh News
नाकाबंदी के दौरान कैंटर नम्बर पीबी 05 एजे 9618 को रुकवाकर तलाशी ली तो 40 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद हुई। एसपी के अनुसार चालक सीट के पीछे बॉडी में अफीम को इस तरह से रखा गया था कि पुलिस को चकमा दे सके। पुलिस ने बॉडी को खोला तो अफीम की खेप मिली। कैंटर में सवार दो जनों की पहचान रणवीर (46) पुत्र बन्तराम बिश्नोई निवासी नजदीक निर्वाण आश्रम, नारायणपुरा, पीएस बहाववाला जिला फाजिल्का पंजाब और मिथलेस पाण्डे (38) पुत्र प्रमोद पाण्डे निवासी गली नम्बर 6 धर्मनगरी अबोहर जिला फाजिलका पंजाब के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर कैंटर जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां को सौंपा गया। पुलिस टीम में संगरिया थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह, एएसआई रोहताश कुमार, कांस्टेबल महादेव, रेवंतराम, विक्रम सिंह, सुखचरण शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष शाखा हनुमानगढ़ के एएसआई शाह रसूल की विशेष भूमिका रही। एसपी सांगवान ने बताया कि कार्रवाई करने वाली टीम की हौसला अफजाई के लिए बीकानेर रेंज आईजी की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।
सरपंच पुत्र ने मंगवाई अफीम की सप्लाई | Hanumangarh News
एसपी सांगवान ने बताया कि आरोपी रणवीर बिश्नोई का मालारामपुरा के पूर्व सरपंच के पुत्र सहदेव बिश्नोई से सम्पर्क था जिसके कहने पर इतनी भारी मात्रा में अफीम की सप्लाई लेकर वह आ रहा था। इसमें मिथलेस पाण्डे को रणवीर बिश्नोई ने ही शामिल किया। दोनों तस्कर अफीम की बड़ी खेप झारखंड राज्य से लाए थे। एसपी ने बताया कि आरोपी रणवीर बिश्नोई ने कुछ दिन पहले ही कैंटर खरीदा था।
उसने सहदेव बिश्नोई से सम्पर्क कर कहा था कि वह झारखंड आदि राज्यों में जाता है, कोई सप्लाई मंगवानी हो तो बताना। एसपी के अनुसार जहां अफीम की सप्लाई देनी थी और जहां से अफीम खरीदी गई, वहां मामले की गहन जांच करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं। पुलिस कड़ी से कड़ी जोडक़र मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। इसके साथ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
नया रूट किया तैयार कर सप्लाई का सोचा | Hanumangarh News
एसपी विकास सांगवान ने बताया कि झारखंड में अवैध मादक प्रदार्थ अफीम की हाई क्वालिटी मानी जाती है। जिसको लेकर झारखंड से अफीम मंगवा कर उसे बेचने की फिराक में थे। अक्सर अफीम राजस्थान के जोधपुर साइड से आती है लेकिन इन्होंने नया रूट तैयार किया ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। लोकसभा चुनावों को लेकर पुलिस सतर्क थी और अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के प्रयास में लगी हुई थी। उसी के चलते पकड़ में आ गए।