Hanumangarh Road Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने पर युवक की मौत
सड़क पर अचानक वाहन रोकने का आरोप, टिब्बी थाने में मामला दर्ज
Hanumangarh Road Accident: हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर लापरवाही से सड़क के बीच वाहन रोकने का आरोप लगाते हुए टिब्बी पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार हरजीत सिंह (31) पुत्र मुख्त्यार सिंह बावरी निवासी वार्ड नम्बर 3, चन्दूरवाली कैंचियां तहसील टिब्बी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई राजकुमार पुत्र मुख्त्यार सिंह सूरेवाला रोड पर ठेके की जमीन लेकर सब्जी की खेती करता था। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि 10 मई की रात करीब 9 बजे राजकुमार टिब्बी से सब्जी रखने के लिए लिफाफे लेकर मोटर साइकिल से वापस घर जा रहा था। पुल से करीब दो मुरब्बा दूर पहुंचने पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक ने अचानक सड़क के बीचोंबीच रोक दिया, जिससे मोटर साइकिल ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में राजकुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसी दौरान वहां से गुजर रहे सुरेन्द्र सोनी पुत्र मनीराम तथा रामचन्द्र पुत्र जीवन सिंह निवासी टिब्बी ने घायल को संभाला और परिजनों को सूचना दी।
बाद में उसे टिब्बी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवादी ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने लापरवाही से वाहन अचानक रोक दिया था, जिससे हादसा हुआ। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चन्दूरवाली निवासी हसन खां की बताई गई है तथा घटना के बाद वाहन की नम्बर प्लेट भी हटा ली गई। टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी एसआई रमेशचन्द्र को सौंपी है। Hanumangarh News