Mother's Day: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर में मातृ दिवस पर भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित

मातृ दिवस पर शिखर शिक्षा सदन स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन

Sarvesh Kumar Picture
Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Miranpur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस के उपलक्ष्य में भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मां के प्रेम, त्याग एवं महत्व से अवगत कराना था। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास देखने को मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष सुशील शर्मा, निर्देशक राजेश शर्मा एवं प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में गीता शर्मा एवं शिखा शर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक दीप्ति व्यास एवं कृति शर्मा के निर्देशन में हुआ, जबकि मंच संचालन नैना शर्मा ने प्रभावशाली ढंग से किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रा अक्षिता नागर द्वारा प्रस्तुत मातृ दिवस पर आधारित भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति रही। इस प्रस्तुति में मां के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम को बेहद मार्मिक ढंग से दर्शाया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोग भाव-विभोर हो उठे।

माताओं के लिए आयोजित विशेष रैंप वॉक प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ मंच पर आत्मविश्वास और खुशी के साथ प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में श्रृद्धि पुत्री किरण शर्मा ने प्रथम, मानवी पुत्री स्वाति कांबोज ने द्वितीय, शिवाय पुत्र माही ने तृतीय, गुरप्रीत पुत्र शिखा ने चतुर्थ तथा कार्तिक गौतम पुत्र भावना ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार शुभ पुत्र शालिनी, शाबान पुत्र शबनम एवं अमायरा पुत्री हीना को प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। विशेष रूप से पेंटिंग शिक्षक अमित कुमार द्वारा की गई आकर्षक मंच सज्जा को सभी ने खूब सराहा।

अंत में प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोच्च है और हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिए। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Miranpur News

About The Author

Related Posts