दीपोत्सव की रौशनी में नहाने के लिये तैयार श्रीराम नगरी अयोध्या
अयोध्या। उत्तर प्रदेश में राम नगरी अयोध्या Ayodhya में दीपावली पर आयोजित हो रहे छठें दीपोत्सव में इस साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की अटकलों के मद्देनजर इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
दीपोत्सव के भव्य आयोजन को देखते हुए जनपद के प्रमुख स्थानों पर एलईडी टीवी स्क्रीन लगाये जा रहे हैं। जिससे दीपोत्सव की सतरंगी आभा का दीदार जिले के लोग कर सकें। अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार तथा सूचना निदेेशक शिशिर ने गुरुवार को बताया कि जनपद अयोध्या के प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगायी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से होगा। जिससे कार्यक्रम का सभी लोग लुत्फ उठा सकें। उन्होंने बताया कि कोविड 19 वैश्विक महामारी एवं संचारी रोगों के दृष्टिगत एक स्थान पर ज्यादा भीड़ न एकत्र हो, इसके लिये विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगायी गयी है। उन्होंने बताया कि अयोध्या के रामघाट चौराहा, हनुमानगढ़ी, अयोध्या कैंट और कारसेवकपुरम् चौराहा समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगेंगी।
सभी संबद्ध विभागों के जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद रहे
इस बीच 23 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की अटकलें गुरुवार को उस समय तेज हो गयीं, जब उनकी सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दस्ते (एसपीजी) के पहुंचने की अपुष्ट खबरें समाचार चैनलाें पर चलने लगीं। लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले एसपीजी के जवान आज अयोध्या पहुंच गये हैं। सूत्रों ने बताया कि एसपीजी के जवानों ने राम जन्मभूमि और राम की पैड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्य सरकार के सभी संबद्ध विभागों के जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद रहे। अयोध्या में देर शाम लाइट एंड साउंड शो का रिहर्सल भी किया गया।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।