चूड़ी कारखानों में भट्ठी मजदूरों का प्रदर्शन, कई फैक्ट्रियों में काम ठप

चूड़ी कारखानों में भट्ठी मजदूरों का प्रदर्शन, कई फैक्ट्रियों में काम ठप

Published On

फिरोजाबाद । सुहाग नगरी के चूड़ी उद्योग में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पोट भट्ठी मजदूरों ने मजदूरी और कार्य अवधि को लेकर कई कारखानों में हंगामा कर दिया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी के अनुसार उन्हें प्रतिदिन 750 रुपये मिलने चाहिए, लेकिन कारखाना संचालक केवल 500 रुपये ही दे रहे हैं। इसके साथ ही आठ घंटे की जगह दस घंटे तक काम कराया जा रहा है। मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के चलते शहर के विभिन्न ग्लास फैक्ट्रियों, चूड़ी कारखानों में कामकाज ठप हो गया। बड़ी संख्या में मजदूर फैक्ट्रियों के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। 
            इधर सूचना पर सीओ सिटी प्रवीन कुमार तिवारी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने मजदूरों और फैक्ट्री संचालकों से वार्ता कर माहौल शांत कराने का प्रयास शुरू किया। मजदूरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई में 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है । उनका आरोप है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। दूसरी ओर फैक्ट्री संचालकों का कहना है कि उद्योग पहले से आर्थिक संकट से गुजर रहा है, ऐसे में मजदूरी बढ़ाना आसान नहीं है। वहीं पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

About The Author

Related Posts