कीर्तिनगर में कबाड़ दुकान में लगी आग, तीन की मौत

Published On

नयी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के कीर्तिनगर इलाके में कबाड़ दुकान में भीषण आग लग गयी जिसमें तीन लोगों की झुलसकर मौत हो गयी है। पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने शुक्रवार को बताया कि कल देर रात कीर्तिनगर के कमला नेहरू कैम्प में एक कबाड़ दुकान में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस और दमकलकर्मी पहुंचे। आग टोनी महतो (50) की कबाड़ की दुकान में लगी और जल्द ही दुकान के ऊपर बनी झुग्गियों में फैल गयी। उन्होंने बताया कि आग पर तत्काल काबू पा लिया गया और ज्यादातर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग बुझाने के बाद वहां से दो शव मिले जो पूरी तरह जले हुए हैं। शवों की पहचान नहीं की जा सकी है लेकिन एक की उम्र करीब 20 साल है जबकि दूसरे की उम्र आठ से दस साल के बीच है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन शॉट सर्किट से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कबाड़ दुकान का मालिक टोनी महतो फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि आग की घटना के बाद राहत और बचाव अभियान के दौरान एक और शव घटनास्थल के पीछे नाले से मिला है। तीसरा शव कमला नेहरू कैम्प में रहने वाले रोहित उर्फ कालू का होने की आशंका है। शव को देखने के बाद प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि रोहित आग बुझाने के लिए आया था और इस बीच वहीं फंस गया। रोहित की उम्र 20 साल है और वह एक चालक था।

About The Author

Related Posts