केजरीवाल ने डॉ. अमित की पत्नी को आर्थिक सहायता का चेक सौंपा

Published On

कोविड-19 की ड्यूटी के दौरान डॉ. अमित की हुई थी मौत

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोविड-19 की ड्यूटी के दौरान डॉ. अमित सिंह दामिया के दिल का दौरा पड़ने से निधन होने पर उनकी पत्नी मनमीत अलंग को आर्थिक मदद के तौर पर आज 10 लाख रुपए का चेक सौंपा। केजरीवाल ने कहा, ‘हम फ्रंट लाइन वर्कर्स के साथ हमेशा खड़े हैं। हमें स्वर्गीय डॉ अमित सिंह दामिया की सेवा पर बहुत गर्व है। हम उनकी जिंदगी वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन उम्मीद करता हूं कि इस आर्थिक सहायता से उनके परिवार को थोड़ी मदद मिल जाएगी। यह आर्थिक मदद मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत डॉ. दामिया के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि डॉ. सिंह ने कोरोना के दौरान लगातार ड्यूटी की और पूरी लगन से कोरोना मरीजों की सेवा की। मैं उनके परिवार से आज मिला और परिवार को आर्थिक मदद के रूप में दस लाख रुपए का चेक सौंपा। यह हमारी तरफ से मदद का एक छोटा सा प्रयास है। हम फ्रंट लाइन वर्कर्स के साथ हमेशा खड़े हैं। हमें डॉ अमित सिंह दामिया की सेवा पर गर्व है। हम उनकी जिंदगी वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि इस आर्थिक मदद से परिवार को थोड़ी मदद अवश्य मिलेगी। हम हमेशा परिवार के साथ खड़े हैं।

डॉ. सिंह दामिया की पत्नी मनमीत अलंग ने आर्थिक मदद देने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा, ‘दिल्ली सरकार मेरे बुरे वक्त में साथ खड़ी रही, इसके लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं।

क्या है मामला:

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय डॉ. अमित सिंह दामिया स्वामी विवेकानंद अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग में अनुबंध के आधार पर वरिष्ठ रेजिडेंट के रूप में तैनात थे। वह कोरोना की ड्यूटी पर थे और ड्यूटी के दौरान ही उन्हें 13 मई को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें हरियाणा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। परिवार में कमाने वाले वह अकेले थे। उनके परिवार में पत्नी, मां और एक बच्चा है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts