रामराज में राकेश टिकैत की हुंकार: बोले- किसानों को ब्लैक में मिल रही खाद, समस्याओं पर नहीं गंभीर सरकार

किसानों के मुद्दों पर गरजे राकेश टिकैत, बोले- फसलें बचानी हैं तो खाद दो

Sarvesh Kumar Picture
Published On

रामराज (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Ramraj News: थाना क्षेत्र के ग्राम पूट्ठी इब्राहिमपुर में भारतीय किसान यूनियन की विशाल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों किसानों और संगठन कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं, सरकार की नीतियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

ग्राम पूट्ठी इब्राहिमपुर की सीमा पर पहुंचने पर किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता भी ग्रहण की।

बैठक को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसान आज कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार किसानों की मूल समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और यूरिया उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को खाद ब्लैक में खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यूरिया को बड़ी-बड़ी कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्रियों की ओर भेज रही है, जबकि किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं कराई गई तो फसलें बर्बाद हो जाएंगी और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

उन्होंने दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि ग्राम पूट्ठी इब्राहिमपुर के निकट हाईवे पर रामराज और मीरापुर की ओर आने-जाने के लिए कट नहीं दिया गया तो भारतीय किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसान यूनियन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर किसानों की आवाज बुलंद करेंगे।

बैठक में जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के हितों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी। वहीं कुंवर देवेंद्र सिंह ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत द्वारा लगाया गया संगठन का पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत लगातार किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचा रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन युवा ब्लॉक अध्यक्ष खालिद चौधरी ने किया। बैठक में प्रमोद अहलावत, अशोक घटायन, योगेश बालियान, हैप्पी बालियान, सुभाष धीमान,हाजी महबूब, अली जामिन जैदी, गोपाल चौधरी, उदयवीर सिंह, दिनेश प्रधान, रविंद्र, तस्लीम प्रधान खेड़ी, सुदेश पाल और रामपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

अंत में बैठक के आयोजक भाकियू युवा नेता अनुपम देओल ने सभी अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।

Ramraj News

About The Author

Ad Ad Ad

Related Posts