आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही सुरक्षा चुनौतियों का समाधान संभव:नचिकेत झा
केंद्रीय गुप्तचर प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय आतंकवाद-निरोध प्रशिक्षण का शुभारंभ
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: कमला नेहरू नगर स्थित केंद्रीय गुप्तचर प्रशिक्षण संस्थान (सीडीटीआई)में 11 से 13 मई 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय आतंकवाद-निरोध एवं कट्टरपंथ उन्मूलन विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के संयुक्त सचिव नचिकेत झा द्वारा किया गया। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य में आतंकवाद और कट्टरपंथ गंभीर चुनौती बनकर उभर रहे हैं, जिनसे निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और प्रभावी खुफिया समन्वय अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग कर राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। सीडीटीआई के प्रवक्ता ब्रह्मपाल सिंह बालियान ने बताया कि कार्यक्रम में संस्थान के उप-प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार जोशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि संस्थान के निदेशक डॉ. सचिन गुप्ता ने स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा प्रशिक्षण की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
इस प्रशिक्षण में बांग्लादेश, मालदीव, मॉरीशस, सेशेल्स और श्रीलंका सहित सदस्य देशों के 9 विदेशी पुलिस अधिकारी, विभिन्न राज्य पुलिस बलों के आईपीएस अधिकारी, केंद्रीय एजेंसियों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कुल 30 वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के समन्वयक ओ. पी. शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने और आतंकवाद एवं कट्टरपंथ के खिलाफ साझा रणनीति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
