UP Weather Alert: यूपी में फिर से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी, कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी
मुज्जफरनगर (सच कहूँ/राहुल)। Uttar Pradesh में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, जबकि पूर्वी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी यूपी में बारिश से राहत
अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। खासतौर पर तराई और पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम अचानक बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति झोंकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
इसके अलावा सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
13 मई को पूर्वी यूपी में असर ज्यादा
मौसम विभाग के मुताबिक 13 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
14 से 16 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
मुरादाबाद में दिन में छाया अंधेरा
मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल में मंगलवार सुबह घने काले बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
किसानों के लिए चेतावनी
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली और सब्जियों की फसलों को तेज हवाओं और ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की सुरक्षा सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली उपकरणों को अनप्लग रखने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और वज्रपात से बिजली व्यवस्था, यातायात और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है।
