हमसे जुड़े

Follow us

23.5 C
Chandigarh
Sunday, March 29, 2026
More
    Home न्यूज़ ब्रीफ बरसाती पानी स...

    बरसाती पानी से भरे गड्ढे में गिरे दो मासूम, डूबने से मौत

    Rajasthan News
    Sanketik Photo

    करनाल। सीएम सिटी करनाल के गाँव उच्चानी में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से दो मासूमों की मौत हो गई। मृतक बच्चे दोनों मौसेरे भाई थे। गांव सरफाबाद माजरा से अपने मामा संजय के घर आए हुए थे। एक बच्चा आगरा का तो दूसरा करनाल का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, कृष्णकांत (11) वासी गांव साहरा जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) से करीब एक माह पहले गांव अचानी में अपनी माँ के साथ मामा के घर आया हुआ था। वहीं जस्सी (9) चार दिन पहले ही गांव सरफाबाद माजरा से अपनी माँ के साथ यहां मामा के घर आया था। वह परिवार का इकलौता चिराग था।

    दोनों मासूम पांच-छह अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए खोदे जा रहे गड्डों के पास पहुंच गए। इस दौरान खेलते-खेलते ये बच्चे करीब 15 फीट गहरे गड्डे में गिर गए। उन्हें डूबता देख अन्य बच्चे डर गए और वे वापस घर लौट गए। बाद में परिजनों पता चला तो वे मौके पर पहुंचे और पहले कृष्ण कांत को निकाला गया। इसके बाद जस्सी मिला। दोनों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. समर सिंह का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए संबंधित कंपनी द्वारा मिट्टी जांच के लिए ये गड्डे खोदे गए थे, जिनके चारों ओर मिट्टी भी पड़ी थी। हालांकि इनके चारों ओर तारें आदि नहीं लगाई थी, लेकिन अचानक ही यह हादसा हो गया। हादसे पर हमें बड़ा दु:ख है।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।