विजेंद्र गुप्ता ने किया विद्यार्थियों से संवाद,बोले राजनीति में आकर विकसित भारत में दे योगदान

सार्वजनिक जीवन, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का किया आह्वान

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों राजनीति को दूर से न देखें, इसमें भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कही। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर जोर  देते हुए  गुप्ता ने विद्यार्थियों से केवल राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के दर्शक बने रहने के बजाय सार्वजनिक जीवन, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया।

राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, लॉ सेंटर और शिवाजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के साथ संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक भागीदारी तथा सदन की कार्यवाही के सुचारु संचालन में विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर संवाद किया।

नेता प्रतिपक्ष से विधानसभा अध्यक्ष बनने तक के अपने सफर के संबंध में एक छात्र द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए गुप्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनका अनुभव चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए और अधिक दृढ़ संकल्पित किया कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सदन के प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का उचित और सार्थक अवसर मिले।

विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं से निरंतर जुड़े रहने और जनहित के विषयों की एक जागरूक एवं सूचित समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक जीवन में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने ज्ञान, विचारों और ऊर्जा के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

About The Author

Related Posts