
ढ़ाणी लक्ष्मण से चला जत्था ज्ञापन देने पहुंचा भिवानी, बड़ी संख्या में महिलाएं भी रही शामिल
- कहा : 24 मई तक जनता के सामने तथ्य नहीं रखे तो महापंचायत कर फिर से किया जाएगा आंदोलन
भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। Manisha Murder Mystery: बीते वर्ष 2025 के अगस्त माह में देश भर में छाई रही बहुचर्चित मनीषा मर्डर मिस्ट्री अब तक सुलझ नहीं पाई है। इसको लेकर लगभग 7 माह बाद फिर मामला गर्म होता नजर आ रहा है। हालांकि इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। लेकिन परिणाम सार्वजनिक ना होने के चलते अब फिर से सर्वमान्य न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न खाप पंचायतें, किसान संगठन व अन्य सामाजिक संगठन एकत्रित होकर मनीषा को न्याय दिलाने की मांग करने लगे है। इसके चलते मनीषा के गांव ढ़ाणी लक्ष्मण से 7 मार्च को चला पैदल जत्था 9 मार्च को भिवानी पहुंचा तथा इन्होंने उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्रालय व हरियाणा सरकार को इस मामले को सुलझाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
विभिन्न खाप नेताओं ने भिवानी के लघु सचिवालय के बाहर पहुंचकर भारी पुलिस बल के बीच सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बेटी मनीषा को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्धारित 90 दिनों बाद भी जांच सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में लोगों में रोष है कि मनीषा की हत्या कैसे हुई, उसके हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न खाप प्रतिनिधि ज्ञापन देते नजर आए। इस बारे में खाप नेता सुरेश कौथ, किसान नेता मेवा सिंह आर्य, कांग्रेस जिला प्रधान प्रदीप गुलिया, युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल प्रधान ने बताया कि 24 मई तक यदि सीबीआई की जांच को जनता के समक्ष नहीं रखा जाता तो एक राज्य स्तरीय आंदोलन को लेकर 24 मई को बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में सरकार के न्याय दिलाने के वायदे पर खाप ने सर्वसम्मति से मनीषा का दाह संस्कार किया था, परन्तु आज तक भी यह पता नहीं चला है कि मनीषा की हत्या कैसे हुई। Bhiwani News
ऐसे में यह सरकार बेटी को न्याय नहीं दिला पा रही, इसी बात का रोष आमजन को है। गौरतलब है कि 11 अगस्त को ढ़ाणी लक्ष्मण की मनीषा घर से कॉलेज में दाखिले के लिए निकली थी, 13 अगस्त को उसका शव खेतों में बरामद हुआ था। जिसके बाद विभिन्न खाप पंचायतें हुई तथा मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। 2025 में 3 सितंबर को सीबीआई ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। लेकिन अभी तक इस मामले में क्या प्रोगेस हुई है, इस बात का पता सीबीआई के अलावा किसी को नहीं है। अब लोग सीबीआई जांच में क्या मिला है, इस बात को जानना चाहते है।
यह भी पढ़ें:– Ranchi Bomb Threat: बोकारो कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी














