सहमति के बावजूद नहीं हुई खरीद शुरू

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद शुरू नहीं होने से नाराजगी

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद को लेकर एक बार फिर विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है। किसानों के विरोध और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति के बावजूद अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से व्यापारियों और किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी को लेकर संबंधित फर्म ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द खरीद शुरू करवाने की मांग की। सुभाष ट्रेडर्स के प्रोपराइटर सुभाष ने बताया कि संगरिया-टिब्बी रोड स्थित चार एफटीपी, बशीर में श्री श्याम राजभोग इंटरप्राइजेज (फ्लोर मिल) पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की अस्थायी खरीद के लिए उनकी फर्म को स्वीकृति मिली हुई है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को किसानों की ओर से रोड जाम कर धरना-प्रदर्शन किया गया था।

इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार हरीश टाक की मध्यस्थता में खरीद एजेंसी आरएसएफसीएससी के केन्द्र प्रभारी विनोद कुमार तथा मैसर्स सुभाष ट्रेडर्स के बीच सहमति बनी थी। सहमति के अनुसार 23 अप्रैल तक के कुल 79 पंजीकरण (लगभग 14374 क्विंटल) की गेहूं खरीद उक्त अस्थायी केन्द्र पर की जानी थी। इसके साथ ही यह भी तय हुआ था कि उसी दिन बारदाना उपलब्ध करवा दिया जाएगा, ताकि खरीद प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सके। लेकिन अब तक संबंधित केन्द्र पर खरीद शुरू नहीं हो पाई है, जिससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। सुभाष ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सहमति अनुसार अधिकृत केन्द्र पर शीघ्र गेहूं खरीद शुरू करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों की ओर से फिर से धरना-प्रदर्शन किया जा सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Wheet-Kharid

About The Author

Related Posts