अस्पताल के टॉयलेट में लावारिस मिला मासूम, पुलिस जांच में जुटी

घाटकोपर स्थित अस्पताल में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, नवजात की हालत स्थिर

Sarvesh Kumar Picture
Published On

मुंबई (एजेंसी)। Mumbai News: मुंबई के घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के बाथरूम में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में फर्श पर पड़ा मिला। मासूम की रोने की आवाज सुनकर उसकी जान बचाई जा सकी।  

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल तिलक नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर नवजात को छोड़कर फरार हुई महिला की तलाश शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, 25 मई की रात तिलक नगर पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस हवलदार जितेंद्र विष्णु पाटिल की ड्यूटी राजावाड़ी अस्पताल के कैजुअल्टी विभाग में लगी हुई थी। रात करीब 9 बजे विष्णु श्रीराम पटेल नाम का एक युवक घबराई हुई हालत में उनके पास पहुंचा और बताया कि वार्ड नंबर-40 के सामने स्थित बाथरूम में एक नवजात बच्चा रो रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। बाथरूम का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। वहां एक नवजात बालक ठंडे फर्श पर बेसहारा पड़ा लगातार रो रहा था। इसके बाद तुरंत अस्पताल की नर्सों को बुलाया गया। नर्सिंग स्टाफ और युवक विष्णु पटेल की मदद से बच्चे को उठाकर साफ किया गया और तत्काल एनआईसीयू में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने से नवजात की जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अस्पताल के रिकॉर्ड में किसी महिला के प्रसव का उल्लेख नहीं मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात महिला ने अस्पताल के बाथरूम में बच्चे को जन्म देने के बाद उसे वहीं छोड़ दिया और चुपचाप फरार हो गई।

मुंबई पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चे को जन्म देने वाली महिला की पहचान की जा सके।

फिलहाल नवजात सुरक्षित है और पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी हुई है।

Child

About The Author

Related Posts