फरीदाबाद में घुसा लकड़बग्घे जैसा खतरनाक जानवर, लंगूर बंदर को मारकर खा गया

Published On

अशोक इंक्लेव के लोगों में फैली दहशत (Dangerous Animal)

  • आरडब्ल्यूए ने बच्चों को घरों से बाहर न निकलने देने को कहा

सच कहूँ/राजेन्द्र दहिया फरीदाबाद। फरीदाबाद के अशोक एंक्लेव में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब पता चला कि इलाके में एक (Dangerous Animal) खतरनाक जंगली जानवर घुस आया है। अशोक एंकलेव सी ब्लॉक पार्ट नंबर-2 में इस्कॉन मंदिर के पास यह जानवर सीसीटीवी कैमरे में स्पॉट किया गया है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के अनुसार इस जानवर ने मंदिर में रहने वाले लंगूर को मार लिया तथा उसे खा गया। यह बात पता चलते ही पूरे एंकलेव में हड़कंप मचा हुआ है। इस खबर के बाद पदाधिकारियों ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो उन्होंने एक ऐसा जानवर दिखाई दिया, जोकि हूबहू लकड़बग्घे जैसा लग रहा था।

कॉलोनी का चप्पा-चप्पा छाना

आरडब्ल्यूए के प्रधान विनोद गुप्ता, उपप्रधान श्याम यादव, मंदिर के गोपेशवर तथा फरीदाबाद वन विभाग के अधिकारियों ने कई घंटे तक पूरे इलाके का चप्पा-चप्पा छान दिया, मगर उक्त जानवर का पता नहीं चल पाया। इस जानवर के पता चलते ही इलाके में डर का माहौल व्याप्त हो गया है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने लोगों को इस जानवर के संदर्भ में सूचना दी है तथा अपील की कि वह अपने बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। लोगों का कहना है कि जो जानवर लंगूर को मारकर खा सकता है तो सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितना खूंखार होगा। वहीं दूसरी ओर वन विभाग के कर्मचारी और आरडब्लयूए के पदाधिकारी भी इस जानवर को पकड़ने का भरसक प्रयास कर रहे हैं।

सैनिक कॉलोनी के घर में निकला था अजगर

बता दें कि इससे पहले ग्रीन फील्ड कॉलोनी तथा सैनिक कॉलोनी में भी ऐसे ही जानवर देखे जा चुके हैं। सैनिक कॉलोनी के एक घर में तो अजगर तक घुस आया था। दरअसल जब से जंगलों को काटा जाने लगा है, तब से ये जानवर आसपास बसने वाली कॉलोनियों में घुस आते हैं। सूरजकुंड रोड व फरीदाबाद गुरूग्राम रोड पर भी कई बार ऐसे जानवर सड़क के आसपास पानी व भोजन की तलाश में निकल आते हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts