टिब्बी क्षेत्र में दो जगहों पर पानी की टंकी पर चढ़े लोग, कुलचंद्र के किसान 24 घंटे बाद उतरे नीचे

पानी की टंकी पर विरोध प्रदर्शन से अफरा-तफरी, एक मामला सुलझा

Published On

टिब्बी (सच कहूं/अंकित वधवा)। Tibbi News: हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग मांगों को लेकर दो स्थानों पर लोग पानी की टंकियों पर चढ़ गए, जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद दोनों मामलों में स्थिति सामान्य हो गई है।

पहला मामला: वार्ड नंबर 6- नाबालिग पुत्री की बरामदगी की मांग

टिब्बी कस्बे के वार्ड नंबर 6 स्थित राजकीय चिकित्सालय के पास एक पिता अपनी नाबालिग पुत्री की बरामदगी की मांग को लेकर वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ गया था। पीड़ित पिता का आरोप था कि पुलिस प्रशासन और जांच अधिकारी मामले में लापरवाही बरत रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की लंबी समझाइश और उचित आश्वासन के बाद पिता को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नाबालिग की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

दूसरा मामला: गांव कुलचंद्र - किसानों ने खत्म किया आंदोलन

वहीं टिब्बी क्षेत्र के गांव कुलचंद्र में आरडी 602 खाले को नाकारा घोषित कर उसके पुनर्निर्माण की मांग को लेकर तीन किसान रविवार शाम करीब 5 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। किसानों का कहना था कि खाले की जर्जर स्थिति के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और फसलें खराब होने की स्थिति में हैं।
करीब 24 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने किसानों की मांग मान ली। इसके बाद सोमवार को तीनों किसान पानी की टंकी से नीचे उतर आए। प्रशासनिक अधिकारियों और किसानों के बीच सहमति बनने के बाद क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण हो गई है।

About The Author

Related Posts