टॉप सीड अनाहत सिंह वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप में करेंगी भारतीय की टीम की अगुवाई
टॉप सीड अनाहत सिंह वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप में करेंगी भारतीय की टीम की अगुवाई
ओंटारियो (कनाडा)। टॉप सीड अनाहत सिंह नियाग्रा-आॅन-द-लेक में सोमवार से शुरू होने वाली वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 की शुरूआत 20 से 25 जुलाई तक होने वाले व्यक्तिगत मुकाबलों से होगी, जिसके बाद उसी जगह पर 26 से 31 जुलाई तक पुरुष और महिला टीम प्रतियोगिता होगी। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में दुनिया भर के 180 से ज्यादा बेहतरीन अंडर-19 स्क्वैश खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि टीम मुकाबले में 24 देशों की 40 टीमें भाग लेंगी। अनाहत सिंह कनाडा में एक मजबूत दावेदार के तौर पर पहुंच रही हैं। उन्होंने पिछले साल कांस्य पदक जीतकर व्यक्तिगत पदक के लिए भारत के 15 साल के इंतजार को खत्म किया था। सीनियर महिलाओं में दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी, 18 साल की इस भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने पिछले एक साल में कई पीएसए खिताब जीते हैं और वह देश की पहली ऐसी खिलाड़ी बनने की कोशिश करेंगी जिसने जूनियर वर्ल्ड खिताब जीते।
वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026: भारतीय टीम इस प्रकार है:- पुरुष: आर्यवीर दीवान, युशा नफीस, गुरवीर सिंह, पूरव रंभिया।
महिलाएँ: अनाहत सिंह, रुद्रा सिंह, अनिका दुबे, सान्वी कलंकी
महिलाओं के ड्रॉ में एक बार फिर मिस्र का दबदबा दिख रहा है, जिसमें रुकैया सलेम दूसरी सीड हैं और मलिका एलकराक्सी और बारब सामेह 3/4 सीडिंग पर हैं। मिस्र की अमीना ओरफी, जिन्होंने पिछले साल लगातार चौथी बार यह खिताब जीता था, अब इस मुकाबले के लिए योग्य नहीं हैं।
पुरुषों के मुकाबले में, मिस्र के दो बार के मौजूदा चैंपियन मोहम्मद जकारिया टॉप सीड हैं और वह तीन वर्ल्ड जूनियर खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बनने की कोशिश कर रहे हैं।
भारत के आर्यवीर दीवान, जो मौजूदा एशियन जूनियर चैंपियन हैं, 5/8 सीड पर हैं। 26 जुलाई से शुरू होने वाली वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर टीम चैंपियनशिप 2026 में भी यही आठ खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।