Punjab
शादी के लिए लड़की देखने से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, जंगल में मिला युवक का शव
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-38 स्थित जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनीष कश्यप के रुप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला ड्रग ओवरडोज से जुड़ा हो सकता है, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जानकारी के मुताबिक मनीष शनिवार को घर से शेव करवाने की बात कहकर निकला था। परिवार को रविवार को लड़की देखने जाना था, क्योंकि उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसे लगातार फोन किए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिवार ने रातभर उसकी तलाश की। रविवार सुबह पंजाब यूनिवर्सिटी से मौसम विभाग की ओर जाने वाली सड़क के पास जंगल क्षेत्र में कुछ बच्चे टॉयलेट के लिए गए थे।
इसी दौरान उनकी नजर युवक के शव पर पड़ी। शव से बदबू आ रही थी, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी। बच्चे घबराकर आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। सूत्रों के अनुसार युवक घर से 7 से 8 हजार रुपए लेकर निकला था, लेकिन मौके से रकम गायब मिली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।