गैंगस्टर लक्की पटियाल का गुर्गा साथी समेत दो गिरफ्तार
कार से बरामद हुए कमानीदार चाकू, कांग्रेस नेता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: पुलिस ने गैंगस्टर लक्की पटियाल के एक गुर्गे समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से कमानीदार चाकू बरामद हुए। गिरफ्तार युवकों की पहचान गोलू और जिमी बंसल के रूप में हुई है। थाना साउथ सेक्टर-34 पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। कांग्रेस नेता एवं वकील उज्जवल भसीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 112 नंबर पर सूचना दी थी कि उनके घर के पास कम्युनिटी सेंटर की दीवार के नजदीक एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार में दो संदिग्ध युवक बैठे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सेक्टर-44बी स्थित कम्युनिटी सेंटर के पीछे खड़ी कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार में बैठे दोनों युवकों की जेब से एक-एक कमानीदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में ड्राइवर सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम गोलू बताया, जबकि पीछे की सीट पर बैठे युवक का नाम जिमी बांसल है। दोनों बुरैल सेक्टर-45 के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।