किसानों के बैंक खातों में बाढ़ राहत के 48 करोड़ हस्तांतरित: जिम्पा

Published On

पहली बार कोई सरकार धान की खराब पनीरी के लिए प्रति एकड़ 6800 रुपए मुआवजा राशि दे रही | Brahm Shankar Jimpa

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा (Brahm Shankar Jimpa) ने मंगलवार को बताया कि बाढ़ के कारण खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए 11 सितम्बर तक 48 करोड़ 26 लाख 62 हजार 352 रुपए की राशि किसानों के बैंक खातों में डाली जा चुकी है।

जिम्पा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धान की खराब हुई पनीरी और अन्य फसलों के नुकसान के लिए किसानों को राहत राशि के रुप में 188 करोड़ 62 लाख 63 हजार रुपए की राशि राजस्व विभाग को जारी की थी। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब कोई सरकार धान की खराब हुई पनीरी के लिए प्रति एकड़ 6800 रुपए मुआवजा राशि दे रही है। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में बाढ़ के खतरे की रिर्पोटे मिलते ही 33.50 करोड़ रुपए अग्रिम राहत के तौर पर जारी कर दिए गए थे। इसके बाद समय-समय पर प्रभावित जिलों को राहत राशि जारी होती रही है।

आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को पहले ही हिदायतें जारी की जा चुकी हैं कि राहत राशि किसानों को पूरी पारदर्शी और परेशानी मुक्त तरीके से बाँटी जाए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी रिर्पोटों के हिसाब से किसानों को राहत राशि दी जा रही है। अलग-अलग जिलों से मिली रिर्पोटों के अनुसार पटियाला जिले के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में अब तक 25 करोड़ 22 लाख 73 हजार 942 रुपए की मुआवजा राशि डाली जा चुकी है।

संगरुर जिले के किसानों को सात करोड़ 35 लाख 38 हजार 856 रुपए, फिरोजपुर में पांच करोड़ नौ लाख 3028 रुपए, जालंधर में पांच करोड़ छह लाख 9285 रुपए, तरनतारन में पांच करोड़ 42 लाख 44 हजार 331 रुपए, मानसा में चार करोड़ 74 लाख 8871 रुपए, फाजिल्का में एक करोड़ 36 लाख 64 हजार 615 रुपए और फतेहगढ़ साहिब जिले के किसानों के बैंक खातों में एक करोड़ 32 लाख 16 हजार 224 रुपए मुआवजा राशि डाली जा चुकी है।

यह भी पढ़ें:– ‘4161 मास्टर कैडर की वेटिंग लिस्ट जल्द जारी करें सरकार’

About The Author

Related Posts