क्लिनिक संचालक ने की अपनी जीवनलीला समाप्त, आर्थिक तंगी की आशंका

परिवार के लोगों को कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Manmohan Picture
Published On

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के फर्रूखनगर क्षेत्र में एक क्लिनिक संचालक द्वारा अपनी जीवनलीला समाप्त किए जाने की घटना सामने आई है। रविवार देर रात हुई इस घटना का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ, जब परिवार के लोगों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। Gurugram News

जानकारी के अनुसार फर्रूखनगर निवासी जयवीर अपने घर में अकेले कमरे में सोने गए थे। सोमवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां जयवीर बिजली के एक्सटेंशन बोर्ड के सहारे फंदे से लटके दिखाई दिए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही फर्रूखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक क्षेत्र में “जीएस हेल्थ केयर” नाम से क्लिनिक संचालित करता था। वह विवाहित था और उसकी एक 11 वर्षीय बेटी भी है। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। Gurugram News

परिजनों के अनुसार जयवीर पिछले कुछ समय से आर्थिक लेन-देन और निजी तनाव को लेकर मानसिक दबाव में था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किससे था और मामला कितना गंभीर था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। Gurugram News

About The Author

Related Posts