न जिले में, न स्टेट में, स्वच्छता हो पूरे देश में…

Published On

कलाकार गांव-गांव जाकर नाटक व लोकगीतों के माध्यक से गा रहे विकास की गाथा

सच कहूँ/विजय शर्मा 

करनाल। रै ताई, कित जावै सै, बैबे तनै कौणी बैरा कै …आज म्हारे गांव मै कलाकार आण लागरै सै। धन्नो ताई की बात सुनकर कैलाशो बोली, म्हारे गाम मैं कलाकार कै करण आ रेसै। ताई बोली, रै बावली ये कलाकार गाम-गाम जाकर सबनै सरकारी योजनाएं बताण लागरै सै। अर आज म्हारे गाम में आकर नाटक व गीत गाकर बतावैंगे कि हम कैयूकर इन योजनाओं का लाभ उठा सकै सै। धन्नो की बात सुनकर कैलाशो भी बोली, रै ताई रूक जा मनै भी गेलैया लै चाल। इन दिनों ऐसा ही नजारा गांव में देखने को मिल रहा है। सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा प्रदेशभर में अभियान चलाकर कलाकारों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में जहां लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है

वहीं लोगों को हर घर शौचालय बनवाने, बेटियों को पढ़ाने व अपने गांव को स्वच्छ रखने का पाठ पढ़ाया जा रहा है। कर्णनगरी करनाल में भी कलाकारों द्वारा गांव-गांव जाकर लोकगीतोंं व नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है। 21 जनवरी से शुरू हुए इस जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को कलाकारों की टीम करनाल खंड के गांव खराजपुर पहुंची। जहां वाल्मिकी चौपाल में कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ग्रामीण किस प्रकार आयुष्मान योजना, पीएम फसल बीमा योजना, आवास योजना व पेंशन योजना का लाभ उठा सकते हैं।

92 गांव कवर, 22 फरवरी तक चलेगा प्रचार: सुनील

डीआईपीआरओ सुनील बसताड़ा ने बताया कि जिले के हर गांव तक योजनाओं को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता आए इसके लिए 21 जनवरी से 22 फरवरी तक विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रचार अभियान के दौरान नाटक मंडली व 6 भजन पार्टियां गांव-गांव जाकर जन कल्याणकारी नीतियों के प्रति जागरूकता लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले के करीब 92 गांवों में कलाकारों व प्रचार टीमों द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया जा चुका है।

लोटा-बोतल बंद करो, शौचालय का प्रबन्ध करों

कलाकारों द्वारा स्लोगनों व गीतों के माध्यम से खुले में शौच जाने से फैलने वाली बीमारियों के बारे में भी ग्रामीणों को बताया जा रहा है। शहर व गांव में स्वच्छता फैलाने के लिए कलाकारों द्वारा ग्रामीणों को घर-घर शौचालय बनवाने की अपील की जा रही है। ताकि शहरों की तरह गांव भी बीमारी मुक्त होकर विकास की डगर पर आगे बढ़ सके।

महिला सशक्तिकरण पर भी दिया जा रहा जोर

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, ग्रामीण कौशल विकास योजना, उज्ज्वला योजना की जानकारी देकर महिलाओं के सशक्तिकरण भी बल दिया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं को बताया जा रहा है कि इस प्रकार महिलाएं इन योजना का फायदा उठाकर स्वयं
आत्मनिर्भर बन सकती है। वहीं गांव के पाला राम, सोरी पंडित, ऋषिपाल, धर्मबीर सिंह, बलबीर सिंह, रमेश कुमार, रामकिशन, प्रेमचंद और राजबीर सिंह सहित गणमान्य लोगों ने कलाकारों द्वारा जागरूक करने पर उनका आभार जताया।

इन गांवों में पहुंच चुके कलाकार

खराजपुर, जाम्बा, संडीर लाठरो, सिकंदरपुर, नागल, कलवेहड़ी, मैनमती, कालरम, अमृतपुर कलां, अंजनथली, सोलो, नरूखेड़ी, बिरचपुर, मानपुरा, रिसालवा, बड़थल, कमालपुर, कमालपुर कॉलोनी, डाबरथला, ओंगद, कुंजपुरा, जैणी, पिचौलियो, गोल्ली, मोरमाजरा, भम्बरेहड़ी, पक्का खेड़ा, टीकरी, कैलाश, टपराना, कुटेल, गामड़ी, डाचर, गोविंदगढ़, ललायन, डेरागामा, सावंत, घोलपुरा, जलाला विरान, ब्रास खुर्द, खिजराबार, कलसौरा, समसपुर, पुंडरक, सैयदपुरा, संजय नगर, सदरपुर, डेरा सिगलीगर, डेरा कश्यप, चतरगढ़, मुस्सेपुर, गढ़पुर टापू, समालखा, कलेहड़ी, जमालपुर सहित अन्य गांव शामिल हैं।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

Artists, Making, Aware, Government, Schemes

About The Author

Related Posts