कोर्ट ने तो पंवार को न्याय दे दिया, अब आप भी न्याय करना: हुड्डा

Published On

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने मंगलवार को गन्नौर व सोनीपत में 9 जनसभाएं कर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की। उन्होंने सोनीपत में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र पंवार ईमानदार आदमी हैं। कोर्ट ने तो सुरेंद्र पंवार का न्याय कर दिया और अब आप भी पंवार के साथ पूरा न्याय करना। पंवार को पड़ने वाला एक-एक वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जाएगा और प्रदेश में आपकी सरकार बनेगी। Sonipat News

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की वोट काटने के लिए साजिश के तहत कई जगह वोट काटू खड़े किए गए हैं। इनसे बचकर रहने की जरूरत है क्योंकि ये सब भाजपा के मोहरे हैं। इस बार कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने इंडस्ट्री और एजुकेशन हब बनाकर सोनीपत का नाम पूरे विश्व में चमकाने का काम किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस जिले को पीछे धकेलने का काम किया। गन्नौर में एशिया की सबसे बड़ी अंतर्राष्ट्रीय बागवानी मंडी का शिलान्यास कांग्रेस ने 2014 में कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार 10 साल में भी इसे बनवा नहीं सकी। Sonipat News

कांग्रेस ने सोनीपत में रेल कोच फैक्ट्री मंजूर करवाई, लेकिन भाजपा ने इसे रद्द करवा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास को उल्टे पैर लगाए हैं, कांग्रेस के मंजूर प्रोजेक्ट या तो अटकाए या फिर रद्द करवाए। जनता कांग्रेस के काम और भाजपा के राज को तोल चुकी है। आज पूरे प्रदेश में हवा चल रही है- कांग्रेस आ रही है और भाजपा जा रही है। हुड्डा ने सोनीपत में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र पंवार के लिए वोट मांगे। उन्होंने वादा किया कि अभी वे दोबारा सोनीपत में आएंगे।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस राज में सोनीपत को राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, निफ्टम यानी राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान, दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, डॉ बीआर अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, आईएमटी खरखौदा जैसी बड़ी सौगात मिली। इससे सोनीपत में निवेश, रोजगार, शिक्षा व तरक्की के रास्ते खुले। वहीं, भाजपा ने सोनीपत की जनता से वोट लकेर 10 साल उसके साथ सौतेला बर्ताव किया और विकास का एक भी कार्य नहीं किया। Sonipat News

कांग्रेस राज में प्रदेश प्रति व्यक्ति आय, निवेश, रोजगार देने और कानून व्यवस्था में नंबर वन था, लेकिन भाजपा के 10 साल के राज मे अब प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और अपराध में नंबर वन हो गया है। अब हरियाणा की खुशहाली और विकास के लिए इस भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। इसमें कोई चूक मत करना और एक-एक वोट कांग्रेस प्रत्याशी को देकर भारी बहुमत से जिताने का काम करना।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक जो सात गारंटी दी है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। भाजपा वाले हमसे पूछ रहे हैं कि पैसा कहां से आएगा। पहले भाजपा वाले खुद बताएं कि वे पैसा कहां से लाएंगे? भाजपा ने तो कांग्रेस के ही घोषणा पत्र को कॉपी किया है। लेकिन भाजपा की झूठ बेचने वाली झूठ दुकान अब और नहीं चलेगी। जनता ने पूरा मन बना लिया है कि 5 अक्टूबर को भाजपा को हरियाणा से बाहर कर दिया जाएगा। कांग्रेस सरकार बनने पर मेरिट, पारदर्शिता और पूरे भर्ती विधान के साथ 2 लाख पक्की भर्ती की जाएंगी। कांग्रेस द्वारा 6 हजार बुढ़ापा पेंशन, एमएसपी की कानूनी गारंटी, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, ओबीसी की क्रीमी लेयर 10 लाख रुपए और ओल्ड पेंशन स्कीम के अपने वादे हर हाल में पूरे किए जाएंगे। Sonipat News

सोनीपत से सांसद पं. सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा के झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। भाजपा हमेशा ही धर्म और जात-पात के नाम पर लोगों को भटकाने, बहकाने, बरगलाने और लड़वाने का काम करती है। पूरे देश की हवा में इन्होंने जहर घोलने का काम किया है। वहीं, हर वर्ग पर लाठियां और गोलियां चलवाई हैं। किसान-जवान, पहलवान, नौजवान, कर्मचारी और सरपंच हर वर्ग भाजपा सरकार में परेशान रहा। अब समय आ गया है इस तानाशाही सरकार से बदलना लेना का। उन्होंने अपील की कि कुलदीप शर्मा को गन्नौर और सुरेंद्र पंवार को सोनीपत से जिताने और अपनी सरकार बनाने का काम करें। एक बार फिर सोनीपत समेत पूरा हरियाणा विकास की पटरी पर आ जाएगा। कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में दिन-रात आपकी सेवा में काम किए हैं और इस बार भी जिताकर भेज देना, विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। Sonipat News

यह भी पढ़ें:– यूपी में ढाबों-रेस्टोरेंट की होगी जांच

About The Author

Related Posts