62 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए आगे आए रक्तदाता, भारत विकास परिषद ने लगाया विशाल रक्तदान शिविर

कर्नल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित शिविर में युवाओं ने दिखाया उत्साह, 50 यूनिट रक्त एकत्रित

Sarvesh Kumar Picture
Published On

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: समाजसेवा को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में भारत विकास परिषद शाखा जाखल मंडी की ओर से मंगलवार को कर्नल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानवता की सेवा का संदेश दिया। विशेष रूप से 62 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे मानव सेवा संगम चैरिटेबल ट्रस्ट ब्लड बैंक टोहाना के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में वार्ड नंबर-13 के पार्षद एवं समाजसेवी यशपाल गर्ग उर्फ पाला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा जाखल मंडी की संचालिका बहन कमलेश रानी तथा संगीता रानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और यह किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बनता है।

शिविर में मानव सेवा संगम चैरिटेबल ट्रस्ट ब्लड बैंक टोहाना की टीम ने रक्त एकत्रीकरण किया। ब्लड बैंक प्रभारी एवं संगम अस्पताल के प्रधान सतपाल ननेड़ी ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित अंतराल में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाए जा रहे रक्तदान शिविर बच्चों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहे हैं। भारत विकास परिषद शाखा जाखल मंडी के अध्यक्ष प्रमोद गर्ग ने बताया कि परिषद लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कुछ दिन पूर्व शहर में नशा विरोधी जागरूकता रैली निकाली गई थी और अब रक्तदान शिविर के माध्यम से समाज को मानव सेवा का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में परिषद की ओर से पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।

कार्यक्रम में समाजसेवी आदित्य बंसल ने भी विशेष रूप से भाग लिया। परिषद के संरक्षक कृष्ण गर्ग, सदस्य संजीव गोयल, संजीव गर्ग, गगनदीप जैन और विकास कंसल ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कर्नल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेश राठी ने परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जिस समर्पण भावना से समाजहित में कार्य कर रही है, वह अन्य संगठनों के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल हरजीत कौर, बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल पूजा राठी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य और स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

शिविर के अंत में सभी अतिथियों एवं रक्तदाताओं को परिषद की ओर से सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की भावना देखने को मिली।Jakhal News

About The Author

Related Posts