Punjab
Nanded Sahib Special Train: 15 मई को सिरसा से रवाना होगी नांदेड़ साहिब के लिए स्पेशल ट्रेन
10 मई तक कर सकेंगे पंजीकरण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे ट्रेन को हरी झंडी
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Mukhyamantri Tirth Yatra Yojana: प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की विशेष तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। योजना के तहत दूसरी स्पेशल ट्रेन 15 मई को सिरसा से श्रद्धालुओं को लेकर नांदेड़ साहिब के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिरसा से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि इस यात्रा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह यात्रा पूर्णत: नि:शुल्क रखी गई है। योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ आधार पर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद हांसी स्थित जिला लघु सचिवालय में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में सूचना देना भी अनिवार्य होगा।