Electricity News: गर्मी के साथ बढ़ रही बिजली खपत, पिछले सात दिन में जिले में खपत हुई 3 करोड़ 85 लाख यूनिट बिजली

Published On

15 से शुरू हो रहा धान का सीजन, बिजली खपत का आंकड़ा और बढने का अनुमान

  • आगामी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: पूरे प्रदेश के साथ साथ कैथल में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है । दोपहर के समय लू के थपेड़ों और तेज धूप ने लोगों को परेशान कर रखा है। जिसके चलते लोग 24 घंटे एसी और कूलरों का इस्तेमाल कर रहे है। तापमान बढने के साथ-साथ बिजली की खपत भी दिनों दिन बढती जा रही है। निगम के अनुसार दो से आठ जून तक बिजली खपत तीन करोड़ 85 लाख यूनिट पहुंच गई है, हालांकि पिछले साल की अपेक्षा अब तक कम है। अकेले कैथल डिविजन में पिछले हफ्ते एक करोड़ 75 लाख यूनिट बिजली खपत हो चुकी है।

इसके अलावा गुहला में एक करोड़ 3 लाख तो पूंडरी में एक करोड़ 6 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई। पहले प्रतिदिन 55 से 60 लाख युनिट थी, जो बढ़कर 70 लाख युनिट तक पहुंच गई है। आगामी दिनों में भी इसी तरह गर्मी का प्रकोप जारी रहने के आसार है, जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि इस हफ्ते बिजली खपत प्रतिदिन खपत के हिसाब से एक करोड़ यूनिट तक पहुँच सकती है।

15 से शुरू हो रहा धान का सीजन | Kaithal News

आगामी 15 जून से धान की रोपाई शुरू हो जाएगी। अभी खेतो में कम संख्या में ट्यूबवेल चल रहे है लेकिन धान के सीजन में एक साथ ट्यूबवेल चलने से बिजली की खपत और बढ़ेगी। बिजली खपत बढने से बिजली कटोंं में भी बढ़ोत्तरी हो जाती है। बिजली लोड ज्यादा होने के कारण बिजली की लाइन और अन्य उपकरण जल्द खराब हो रहे हैं। इस दौरान लोड बढ़ने से सुचारू रूप से किसानो को बिजली आपूर्ति देना बिजली निगम के लिए बड़ी चुनौती होगी।

इस हफ्ते राहत की कोई उम्मीद नहीं

  • मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

विभाग विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दिनों तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान लू चलने की संभावना है। जिले में सोमवार को दिन का तापमान अधिकतम 44 डिग्री पहुँच गया वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि इस हफ्ते तापमान 45 डिग्री को पार कर सकता है। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो एक-दो दिन में पश्चिमी हवाओं के चलने से गर्मी और बढ़ेगी।

कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ आने के कारण आगामी दिनों में लू चलने की संभावना रहेगी। दोपहर में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। हालत ऐसे है कि देर रात तक भी गर्म हवाए महसूस होती है। Kaithal News

सभी कर्मचारी अलर्ट: एसई

गर्मी के कारण बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन बिजली खपत का आंकड़ा 75 लाख यूनिट को पार कर गया है। पिछले एक सप्ताह में कैथल जिले में 3 करोड़ 85 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई है। धान के सीजन में आंकड़ा बढने का अनुमान है। निगम इसके लिए तैयारियां कर रहा है। लोगों को बिना किसी रुकावट के बिजली की आपूर्ति की जा रही है। शिकायत मिलने पर उसका जल्द से जल्द समाधान किया जाता है।
                                                                            -सोमबीर, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम कैथल

2 से 8 जून 2024 ( खपत आंकड़े लाख यूनिट में)

डिवीजन

  • कैथल 220.90 लाख यूनिट
  • गुहला 133.77 लाख यूनिट
  • पूंडरी 159.75 लाख यूनिट
  • कुल 514.42 लाख यूनिट

2 से 8 जून 2025 ( खपत आंकड़े लाख यूनिट में)
डिवीजन

  • कैथल 175.49 लाख यूनिट
  • गुहला 103.22 लाख यूनिट
  • पूंडरी 106.78 लाख यूनिट
  • कुल 385.49 लाख यूनिट

यह भी पढ़ें:– Haryana Ring Road: खुशखबरी, हरियाणा के इन गांवों से गुजरेगा ये नया रिंग रोड, जमीन को होगा अधिग्रहण

About The Author

Related Posts