गन प्वाइंट पर व्यापारी से लूटे डेढ़ लाख

Published On

बदमाशों ने पकड़ने आए युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में रोहतक रेफर

चरखी दादरी (सच कहूँ न्यूज)। बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने बीती देर शाम पुरानी अनाज मंडी में पिस्तौल के बल पर एक व्यापारी से डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों ने उनको पकड़ने आए एक युवक को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। गोली लगने की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं पूर्व मंत्री व जजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल सांगवान मंडी में व्यापारियों से मिलने पहुंचे और पुलिस के आला अधिकारियों से बात की। व्यापारियों ने सरकार व प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दादरी बंद का ऐलान किया है।

बदमाशों ने उसे पकड़ कर मुंह बंद कर दिया तथा उस पर पिस्तौल तान दी

दादरी शहर के काठमंडी निवासी विनोद कुमार की पुरानी अनाज मंडी में परसराम हीरालाल फर्म के नाम से खल-बिनौले की दुकान है। शनिवार देर शाम विनोद अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर उसकी दुकान पर आए तथा उससे बिनौले का भाव पूछने लगे। उसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ कर मुंह बंद कर दिया तथा उस पर पिस्तौल तान दी। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दोनों बदमाश उसे उठाकर दुकान के अंदर फेंक आए तथा तीसरे बदमाश ने गल्ले में रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी निकाल ली।

जिसके बाद तीनों बदमाश पहले से बाहर खड़े चौथे साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित विनोद के द्वारा शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे टी-स्टाल संचालक राजस्थान निवासी सुभाष ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली सुभाष के पैर में लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुभाष को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी मुख्यालय जोगिंद्र सिंह, डीएसपी रामसिंह बिश्नोई, दादरी सिटी थाना प्रभारी तेलूराम, सीआइए स्टाफ टीमें भी पहुंची तथा जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को मौके से गोली का एक खोल भी बरामद हुआ है।

घटनास्थल के समीप स्थित एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। डीएसपी राम सिंह बिश्रोई ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts